
जिया न्यूज़:-दंतेवाड़ा,
दंतेवाड़ा:-भाजपा जिला अध्यक्ष चैतराम अट्टामी ने दन्तेवाड़ा की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस और प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन काल के दौरान दन्तेवाड़ा जिला अपने आप में गर्व महसूस करता था। जिधर देखो विकास ही विकास का माहौल और भय मुक्त वातावरण था। परन्तु आज मानो जैसे दन्तेवाड़ा को कांग्रेस की नजर सी लग गई है, जिधर देखो भय का आलम है। दो वर्ष पूर्व आधी रात आप जगदलपुर, बीजापुर, सुकमा, कटेकल्याण किरंदुल-बचेली जहां चले जाओ कोई डर भय नही लगता था। सड़क, घाटी, जंगल जिधर देखो सौर ऊर्जा की स्ट्रीट लाइटें जगमगाते रहते थे और आज अंधेरा कायम है। आम जन को शाम के 7 बजे गीदम से दन्तेवाड़ा आने के लिए सोचना पड़ रहा है बाकी मार्ग को छोड़ ही दीजिये। श्री अट्टामी ने कहा कि जिले में व्याप्त भय का माहौल और असुरक्षा की भावना को देखने के लिये ज्यादा दूर जाने की जरूरत नही जिला मुख्यालय के कलेक्टर कार्यालय को ही देख लो। आज से दो वर्ष पूर्व निर्वाचन काल को छोड़कर कलेक्टर कार्यालय में हमने बैरिकेट कभी नही देखा। अभी तो बिना मेटल डिटेक्टर से गुजरे आप कलेक्टर प्रांगण तक मे भी प्रवेश नही कर सकते। उन्होंने कहा कि जिले का हर व्यक्ति आज भयभीत है न जाने कब क्या घटित हो जाये। ऐसे में जिला कलेक्टर कार्यालय की सुरक्षा व्यस्था लाजमी भी है। शासन व सत्ता के लोग ही जनता में सुरक्षा की भावना ला सकते हैं पर यहां तो मीडिया के माध्यम से स्वयं कांग्रेसी कबूल रहे हैं, दो वर्ष में जिले का माहौल कैसा हो गया है। जिले के विधायिका महोदया से हमारा निवेदन है कि वे अपनी सरकार से बात करें ये अत्यंत ही गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विधायक होने के नाते उनका ये कर्तब्य बनता है कि आम जन में जिस भी कारण से ये भय का वातावरण निर्मित हुआ उसे जल्द से जल्द सामान्य करवाने का प्रयास करें।