जिया न्यूज़:-बब्बी शर्मा-कोण्डागाँव,
कोण्डागांव:-खरीफ की फसल हेतु जिले में लगातार उर्वरकों की आपूर्ति बाधित होने के कारण कृषकों के समक्ष खाद प्राप्ति में दिक्कतें आ रही थीं.जिसे देखते हुए प्रशासन द्वारा लगातार शासन से सम्पर्क स्थापित कर खाद आपूर्ति हेतु मांग भेजी जा रही है। आपूर्ति पक्ष के कमजोर होने एवं परिवहन की समस्याओं के बाद भी प्रशासन द्वारा लगातार उर्वरकों के आपूर्ति का प्रयास किया जा रहा है।

जिसके तहत् गुरूवार को जिले में 448 मे.टन यूरिया की आपूर्ति हुई है। इसमें से 250 मे.टन कोण्डागांव डबल लाॅक केन्द्र में, 101 मे.टन बीजापुर डबल लाॅक केन्द्र में एवं 97 मे.टन यूरिया केशकाल डबल लाॅक केन्द्र में पहुंचाया गया है। इन डबल लाॅक केन्द्रों से लैम्प्स सहकारी समितियों में तत्काल परिवहित कर यूरिया को भण्डारित किया जा रहा है। लैम्प्स सहकारी समितियों में पहुंचने के पश्चात कृषक खाद परमिट के अनुसार समितियों से यूरिया प्राप्त कर सकेंगें।
रासायनिक खाद की आपूर्ति से कृषकों को खरीफ फसल के लिए खेत तैयार करने में सहायता प्राप्त होगी। अन्य उर्वरकों की आपूर्ति जल्द कराने हेतु प्रशासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है। जल्द डीएपी एवं अन्य उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित की जायेगी।