भाजपा का महाधरना
शराब बंद करने, मजदूरों की मदद करने, किसानों को बोनस बांटने तथा दूसरे राज्यों से आ रहे नागरिकों को प्रवेश देने की मांग के साथ भाजपा का धरना
सभी नेताओं ने अपने अपने घरो पर रह कर दिया धरना


जिया न्यूज़:-दंतेवाड़ा,
गीदम:-नगर के भाजपा के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अपने निवास पर आज भूपेश बघेल सरकार की नीतियों के विरोध में धरना दिया। तथा कई मांगों को लेकर आवाज उठायी। इस दौरान सभी ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मास्क और सेनेटाइजर का इस्तेमाल करते हुए धरना दिया। जिला भाजपा अध्यक्ष चैतराम अटामी ने कहा कि पार्टी के तय कार्यक्रम अनुसार यह धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस धरना प्रदर्शन में भूपेश बघेल सरकार से मांग की गई है कि प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी हो, शराब की होम डिलीवरी का आदेश तत्काल प्रभाव से निरस्त हो, प्रदेश के बाहर फंसे मजदूरो को लाने स्पष्ट योजना बने, उन्हें एक हजार रूपये की आर्थिक मदद तत्काल दी जाये। किसानों को धान के कीमत के अंतर की राशि और बोनस भी दिया जाये, अन्य प्रदेशों से जो लोग पास लेकर राज्य आ रहे हैं, उन्हें परेशान ना किया जाये बल्कि उन्हें तुरंत अनुमति दी जाये। तथा कोरोना महामारी से निपटने सरकार क्या क्या खर्चे कर रही है, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाये। नगर के सभी भाजपा नेताओं ने अपने निवास में ही राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ धरना दिया। गौरतलब हैं कि पूरे राज्य में भाजपा ने आज दोपहर 3 से 5 बजे तक पूरे प्रदेश में यह धरना कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष चैतराम अटामी ,महामंत्री राजा गुप्ता, राहुल असरानी एवम अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।